स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप में दम दिखाएंगे कोरबा के खिलाड़ी

जिला चयन स्पर्धा में आरिव, श्रेष्ठा और आदित्य ने मारी बाजी; 3 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में मुकाबले

कोरबा। योनेक्स सनराइज 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट मिनी एवं सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 में कोरबा जिले के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तरीय चयन स्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि चयनित खिलाड़ी रायपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। अंडर-11 बालक वर्ग में आरिव घिरे और अंडर-11 बालिका वर्ग में श्रेष्ठा साहू विजेता रहीं। वहीं अंडर-13 बालक वर्ग में आदित्य धनराज तथा अंडर-13 बालिका वर्ग में श्रेष्ठा साहू ने चयन स्पर्धा में बाजी मारी।

संघ के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि चयनित विजेता खिलाड़ी छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के मेन ड्रॉ में खेलेंगे। राज्य स्तरीय चैंपियनशिप 3 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में आयोजित की जाएगी।

चयन स्पर्धा में अंडर-11 बालक वर्ग में वेदांत कौशिक तथा बालिका वर्ग में सुप्रीता मामिलापल्ली उपविजेता रहे।

अंडर-13 बालक वर्ग में विवान साहू और बालिका वर्ग में सोनाली सोनल फेलिक्स ने रनरअप स्थान हासिल किया।

जिला संघ ने चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।