25 सितंबर को एक साथ गूंजेगा संपूर्ण वंदेमातरम्, लाखों कंठ बनेंगे सहभागी

छत्तीसगढ़ के 1100 से अधिक सरस्वती विद्यालयों में होगा सामूहिक गायन, विश्व रिकॉर्ड के लिए जुटेगी भागीदारी

कोरबा। राष्ट्रगीत वंदेमातरम् के 150वें वर्ष के अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में एक साथ संपूर्ण वंदेमातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया जाएगा। विद्या भारती की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह 11 बजे लाखों विद्यार्थी, शिक्षक और नागरिक एक स्वर में राष्ट्रगीत का पूर्ण गायन करेंगे। आयोजन को विश्व रिकॉर्ड के लिए दर्ज कराने की तैयारी है।

विद्या भारती मध्य क्षेत्र के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर ने कोरबा में मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि आयोजन देश के 684 जिलों में किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में करीब 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर एवं सरस्वती विद्यालयों में सामूहिक गायन होगा। इसमें लगभग तीन लाख विद्यार्थी और 11 हजार शिक्षक शामिल होंगे। आयोजन में आम नागरिकों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में आयोजन के माध्यम से करीब 5 लाख लोगों की भागीदारी दर्ज कराने का लक्ष्य रखा गया है। सरस्वती शिशु मंदिरों के आसपास स्थित अन्य विद्यालयों और महाविद्यालयों से भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबंधित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया जा रहा है।

जुड़ावन सिंह ठाकुर ने विद्या भारती की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संगठन देश के 684 जिलों में शैक्षणिक सेवाएं संचालित कर रहा है। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण, जनजातीय और दूरदराज के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी इसकी गतिविधियां हैं। देशभर में 12 हजार से अधिक विद्यालय और करीब 8 हजार अनौपचारिक शिक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन संस्थानों में करीब 1.53 लाख आचार्य और 35.33 लाख विद्यार्थी जुड़े होने की जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि वंदेमातरम् के संपूर्ण सामूहिक गायन के इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक युवा और नागरिक शामिल हों, इसके लिए व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

पत्रवार्ता में चंद्रकिशोर श्रीवास्तव, सचिव वनांचल शिक्षा सेवा न्यास, दीपक सोनी, प्रांत प्रमुख विद्या भारती तथा जोगेश लाम्बा, सचिव सरस्वती शिक्षा समिति उपस्थित रहे।