सेवा संकल्प में संगठनों और संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें : साव

प्रभारी मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से तैयारियों की समीक्षा की, 5 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य

कोरबा। जिले में 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने की तैयारी है। एक माह तक चलने वाले अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठन, विद्यार्थी, स्व-सहायता समूह और विभिन्न संस्थाओं को जोड़ने के निर्देश उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने दिए हैं।

श्री साव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रह जाए, इसके लिए समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल, सहायक नोडल और प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। नगरीय क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए मुनादी सहित विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है।

अभियान के तहत घंटाघर परिसर में 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जनपद पंचायत स्तर पर 5,100 और नगर पालिका क्षेत्र में 11 हजार दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।

जिले के अन्य प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के 5 लाख से अधिक परिवारों की सहभागिता से 5 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक परिवार को कम से कम तीन दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। स्व-सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्कूली विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी। सार्वजनिक उपक्रमों को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी है।

इसी क्रम में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।