जनहित के मामले लंबित रखे तो होगी कार्रवाई : कलेक्टर

जिलाधिकारी ने विभागीय कामकाज की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और विकास कार्यों में तेजी पर जोर

कोरबा। जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों के साथ विभागीय योजनाओं के लक्ष्य को पूरा करने में भी गंभीरता और सक्रियता दिखाई जाए।

कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से व्यापक जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर वास्तविक स्थिति की जांच और संतोषजनक निराकरण समय-सीमा में सुनिश्चित करने को कहा।

एग्रीस्टेक पंजीयन 100 फीसदी कराने के निर्देश
कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए जिले के सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, सेवा संकल्प अभियान के तहत अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

सड़क-पुल और अंडरपास के काम में तेजी
बैठक में बालको-रिस्दी रोड, ध्यानचंद चौक, बालको ब्रिज, उरगा-सीतामढ़ी मार्ग और बरमपुर ब्रिज के निर्माण व मरम्मत कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुनालिया पुल के पास प्रस्तावित अंडरपास निर्माण की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को काम की गति बढ़ाने कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।