ट्रक चालकों से एक लाख की अमानत राशि मांगने पर बवाल

एसईसीएल मानिकपुर में ट्रांसपोर्ट कंपनी की शर्त का विस्थापित संगठन ने किया विरोध

कोरबा। एसईसीएल की मानिकपुर परियोजना में कोयला परिवहन से जुड़ी एक ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा ट्रक चालकों से एक लाख रुपए अमानत राशि मांगने का मामला सामने आया है। कंपनी की इस कथित व्यवस्था के विरोध में विस्थापित संगठन के सदस्यों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई और अधिकारियों से जांच की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी ट्रक चालकों से 10 रुपए के स्टांप पर अनुबंध करा रही है। इसमें एक लाख रुपए अमानत राशि जमा कराने की शर्त रखी गई है। वाहन में डीजल की खपत, टूट-फूट या किसी अन्य प्रकार की कमी पाए जाने पर इसी राशि से कटौती किए जाने का प्रावधान होने की बात कही जा रही है।

संगठन के सदस्यों ने कहा कि ट्रक चालक पहले ही सीमित आय और विभिन्न जोखिमों के बीच काम करते हैं। ऐसे में उनसे इतनी बड़ी रकम बतौर अमानत राशि लेना उचित नहीं है। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

अमन पटेल ने कहा कि ट्रक चालकों पर इस तरह की शर्तें थोपना स्वीकार नहीं किया जाएगा। चालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।