कोरबा। हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतों पर खनिज विभाग ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज उड़नदस्ता दल ने सुबह करीब 5.30 बजे दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन-परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया।
कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन नदी में फंसे मिले, जबकि कुछ वाहनों को संबंधित लोग मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
नदी में फंसे वाहनों को नगर पालिक निगम कोरबा की मदद से बाहर निकाला गया। जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा और खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग ने सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण, प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा तथा शासन के राजस्व की क्षति रोकना प्राथमिकता है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















