बंजारी जंगल में 19 हाथियों की मौजूदगी से मचा हड़कंप, हाथी मित्र दल ने कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला
कोरबा-कटघोरा। वन मंडल कटघोरा के बंजारी परिसर के जंगल में 19 हाथियों के दल की मौजूदगी के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब टावर लाइन की सफाई करने पहुंचे कर्मचारी अचानक हाथियों के सामने आ गए। जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने टावर लाइन के ढांचे पर चढ़कर खुद को सुरक्षित किया।
बताया गया कि बंजारी क्षेत्र में इन दिनों 18 हाथियों का झुंड और एक लोनर हाथी विचरण कर रहा है। इसी दौरान टावर लाइन के नीचे साफ-सफाई का काम कर रहे कर्मचारियों के पास अचानक हाथियों का दल पहुंच गया। हाथियों को करीब आते देख कर्मचारी घबरा गए और टावर के ढांचे पर चढ़ गए। हाथियों का दल काफी देर तक टावर लाइन के नीचे ही विचरण करता रहा।
सूचना मिलते ही बंजारी परिसर रक्षक ऋषभ राठौर तथा हाथी मित्र दल के राजेश त्रिवेदी और अशोक बिंझवार मौके पर पहुंचे। वन अमले ने स्थिति का जायजा लेकर सावधानीपूर्वक कर्मचारियों को टावर से नीचे उतारा और उन्हें सुरक्षित क्षेत्र से बाहर निकाला।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। विभाग ने ग्रामीणों और जंगल क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















