पाली अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का सभापति ने लिया जायजा

ओपीडी, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण केंद्र और दवा वितरण कक्ष का किया निरीक्षण; व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

कोरबा। विकासखंड स्तरीय शासकीय अस्पताल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने नगर की पार्षद एवं स्वास्थ्य विभाग की सभापति श्रीमती दीप्ति दीपक शर्मा ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपलब्धता तथा आवश्यक दवाइयों के स्टॉक सहित मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

सभापति ने अस्पताल के ओपीडी, प्रसूति कक्ष, टीकाकरण केंद्र, दवा वितरण कक्ष एवं आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। हालांकि कुछ मामलों में उन्होंने बीएमओ को आवश्यक सुधार एवं व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

समय पर मिल रहे डॉक्टर और नि:शुल्क दवाएं
निरीक्षण के दौरान एल्डरमैन रामबिलास जायसवाल ने बताया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होने से अब छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को जिला अस्पताल कोरबा अथवा निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर समय पर उपलब्ध रहते हैं, नि:शुल्क दवाएं मिल रही हैं तथा अस्पताल का स्टाफ भी मरीजों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार कर रहा है।

सभापति श्रीमती दीप्ति शर्मा ने भी माना कि बीएमओ डॉ. अनिल सराफ के पदभार संभालने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि शासकीय अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए और जहां भी कमियां हैं, उन्हें समय रहते दूर किया जाना जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान पार्षद श्रीमती ज्योति उईके, सुनील साहू, दीपक शर्मा, नरेंद्र शर्मा, दीपक डिक्सेना सहित अन्य उपस्थित रहे।