गतिविधि आधारित एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पर जोर, कम लागत वाली शिक्षण सामग्री के उपयोग के बताए तरीके
कोरबा। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2, एनटीपीसी कोरबा में प्राथमिक शिक्षकों के लिए एक दिवसीय हैंड होल्डिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एवं केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के प्राथमिक शिक्षकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण की संसाधन व्यक्ति श्रीमती रमा भट्टाचार्य रहीं।
उन्होंने गतिविधि निर्माण के तीन प्रमुख आयामों क्रियात्मक, भावात्मक एवं संज्ञानात्मक पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही कम लागत एवं बिना लागत वाली शिक्षण-अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग के बारे में शिक्षकों को जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान पारंपरिक शिक्षण एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए बच्चों की सक्रिय सहभागिता, अनुभव के माध्यम से सीखने तथा आनंददायी शिक्षण को प्रभावी बनाने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा की गई।
पठन-अनुकूल वातावरण बनाने पर जोर
प्रशिक्षण में एनईपी प्रगति विवरण, समृद्ध मुद्रित वातावरण एवं पठन परियोजना के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कक्षा में शब्दों, कहानियों, कविताओं, चित्रों, चार्ट एवं बच्चों के कार्यों को प्रदर्शित कर पठन-पाठन के अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा नियमित पठन अभ्यास को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आंचल बाजपेई ने किया।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार साहू ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों को नवीन एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को कक्षा में प्रभावी ढंग से अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समग्र रूप से प्रशिक्षण ज्ञानवर्धक, व्यावहारिक एवं शिक्षकों के लिए उपयोगी रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















