सप्तदेव मंदिर में आज सजेगी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की महफिल, देशभर के कवि बिखेरेंगे काव्य का जलवा

कोरबा,। श्री भादी अमावस्या उत्सव की पूर्व संध्या पर गुरुवार को श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में भक्ति, संस्कृति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में यहां विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ख्यातिप्राप्त कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, व्यंग्य, वीर, श्रृंगार, संवेदना और राष्ट्रभक्ति के विविध रंगों से सराबोर करेंगे।


कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल और नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। इनके अलावा पार्षद नरेंद्र देवांगन, अग्रवाल सभा कोरबा के पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत बुधिया, राजेंद्र अग्रवाल, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहेंगे।

जागरण की परंपरा को मिला नया साहित्यिक स्वरूप
श्री सप्तदेव मंदिर में भादी अमावस्या की पूर्व संध्या पर प्रतिवर्ष जागरण का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष आयोजन को नया स्वरूप देते हुए जागरण के स्थान पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर की पावन भूमि पर धर्म और अध्यात्म के साथ साहित्य, संस्कृति, राष्ट्रभावना एवं मनोरंजन का यह संगम नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

देशभर के कवि करेंगे काव्य-पाठ
कवि सम्मेलन में सूरत की प्रसिद्ध कवयित्री एवं अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय संयोजिका (सांस्कृतिक) सोनल जैन, सूरत के विमल सोनी, जबलपुर के इंजीनियर विनोद नयन, इटारसी के बृजकिशोर पटेल, भरतपुर के जय कुमार ‘जय’ तथा कोरबा की कवयित्री डॉ. अंजना सिंह काव्य पाठ करेंगी।

कवियों की प्रस्तुतियों में हास्य-व्यंग्य के साथ वीर रस, श्रृंगार, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रभक्ति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं, साहित्यप्रेमियों और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है।

शाम 7 बजे से धार्मिक आयोजन, रात 8 बजे कवि सम्मेलन
श्री सप्तदेव मंदिर परिसर में आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर एवं आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं एवं साहित्यप्रेमियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बैठने और आवागमन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

शाम 7 बजे मां श्री राणी सती दादी का मेहंदी उत्सव, पगधोई एवं ज्वारा उत्सव आयोजित होगा। इसके बाद रात 8 बजे से विराट अखिल भारतीय कवि सम्मेलन प्रारंभ होगा।

सपरिवार पहुंचने का आग्रह
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन एवं कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन अशोक मोदी तथा श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने नगरवासियों, श्रद्धालुओं, समाज के सभी वर्गों एवं साहित्यप्रेमियों से सपरिवार आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है।

आयोजकों ने कहा कि भक्ति और साहित्य के इस संगम के माध्यम से शहरवासियों को धार्मिक आस्था के साथ उच्चस्तरीय काव्य प्रस्तुतियों का आनंद मिलेगा। श्री सप्तदेव मंदिर में आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या कोरबा के लिए यादगार बनने की उम्मीद है।