17 वर्षीय किशोर से परेशान थी कॉलेज छात्रा! जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत

परिजनों ने छेड़छाड़, लगातार पीछा करने और मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप; सुसाइड नोट के नाम पर धमकी देने का भी दावा, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा।पाली थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा की जहरीला खाद्य पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में परिजनों ने 17 वर्षीय एक किशोर पर छात्रा को परेशान करने, छेड़छाड़ करने और लगातार पीछा कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

परिजनों का यह भी दावा है कि किशोर छात्रा की मां और भाइयों के नाम सुसाइड नोट लिखकर खुदकुशी करने की धमकी देता था।

परिजनों के अनुसार, किशोर की कथित हरकतों से छात्रा काफी तनाव में रहती थी। परिवार ने उसे समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद उसकी गतिविधियों में सुधार नहीं आया।

बताया गया कि 3 सितंबर को छात्रा ने जहरीले खाद्य पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां करीब तीन दिनों तक उसका उपचार चला, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसकी मौत हो गई।

परिजनों के बयान दर्ज, आरोपों की जांच जारी
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी में मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों ने किशोर पर जो आरोप लगाए हैं, उनकी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल छात्रा की मौत के पीछे लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।