कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा के 100 सीटर कन्या छात्रावास में छात्राओं की शिकायतों के बाद अधीक्षिका श्रीमती शारदा नेताम को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, पोड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका के कार्य-व्यवहार को लेकर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया था। छात्राओं ने अधीक्षिका को हटाने तथा उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को पदस्थ करने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पोड़ी-उपरोड़ा ने शिकायतों की जांच के लिए तीन वरिष्ठ प्राचार्यों की समिति गठित की थी।
जांच समिति द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में अधीक्षिका का व्यवहार छात्राओं के प्रति उचित नहीं पाया गया। इसके अलावा मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराने, भोजन की गुणवत्ता खराब होने और छात्राओं की नींद प्रभावित होने संबंधी शिकायतों की भी पुष्टि हुई।
जांच प्रतिवेदन एवं जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर ने शारदा नेताम के कृत्य को गंभीर कदाचरण की श्रेणी में मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















