दर्री पुलिस ने इंजन-चेचिस नंबर से की जांच, 14 अगस्त को चोरी हुई मोटरसाइकिल की हुई पहचान
कोरबा। पुलिस की तकनीकी पहल अब चोरी के वाहनों की पहचान में भी कारगर साबित हो रही है। दर्री पुलिस ने चेकिंग के दौरान लावारिस हालत में मिली एक मोटरसाइकिल की ‘सशक्त ऐप’ के जरिए जांच की तो वह चोरी की निकली। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 5 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान दर्री पुलिस टीम को हीरो सीडी 110 ड्रीम मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-12एवी-1387 लावारिस अवस्था में मिली। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसका विवरण सशक्त ऐप में दर्ज किया। इसके बाद वाहन के इंजन एवं चेचिस नंबर की तकनीकी जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन से संबंधित पूर्व पुलिस रिकॉर्ड सामने आया। रिकॉर्ड के मिलान के बाद मोटरसाइकिल गुलाम मुस्तफा (26), निवासी 15 ब्लॉक, कोरबा की होना पाया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उक्त बाइक 14 अगस्त 2026 को चोरी हुई थी। मामले में 21 अगस्त को चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 741/2026 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
इंजन-चेचिस नंबर से सामने आया पुराना रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार सशक्त ऐप के माध्यम से मौके पर ही किसी वाहन के इंजन नंबर, चेचिस नंबर अथवा पंजीयन नंबर की मदद से उसके पुलिस रिकॉर्ड की जांच की जा सकती है। इससे चेकिंग के दौरान संदिग्ध या लावारिस वाहनों की तत्काल पहचान करने में मदद मिलती है।
दर्री पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के वाहन की पहचान होने के साथ उसे वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का रास्ता साफ हुआ है। पुलिस का कहना है कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से चोरी के वाहनों की बरामदगी के अलावा आपराधिक मामलों की जांच में भी तेजी लाई जा सकती है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















