दीपका में जन्माष्टमी महोत्सव का दिखा रंग, 26 साल पुरानी मटकी फोड़ प्रतियोगिता देखने उमड़ा हजारों का जनसैलाब
कोरबा। एसईसीएल प्रगतिनगर दीपका क्षेत्र में जन्माष्टमी का उत्सव इस बार भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ऊंचाई पर बांधी गई दही की मटकी को फोड़ने के लिए गोविंदाओं की टोलियों ने जमकर दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबले में अंडीकछार की टीम ने मटकी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया और एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार अपने नाम किया।
दीपका में आयोजित यह मटकी फोड़ प्रतियोगिता पिछले 26 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है। अब तक जिले और प्रदेश की कई नामी टीमें इसमें शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। इस वर्ष भी छह से अधिक प्रमुख टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अंडीकछार की विजेता टीम के अलावा पूर्व विजेता अन्ना हजारे टीम हरदीबाजार, बलगी कॉलोनी और पोलमी की टीमों ने भी पूरे उत्साह के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया। टीमों के प्रयास और रोमांचक मुकाबले ने मौके पर मौजूद दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
बच्चों के लिए भी हुई मटकी फोड़ प्रतियोगिता
आयोजक अरूणीश तिवारी ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव में बच्चों के लिए विशेष मटकी फोड़ प्रतियोगिता समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतियोगिता का आनंद लिया और प्रतिभागी टीमों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि आयोजन की 26 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आने वाले वर्षों में इसे और भव्य एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में एसईसीएल दीपका क्षेत्र के पूर्व महाप्रबंधक अमित सक्सेना, जीएम माइनिंग दीपका परियोजना एनके साहू, जीएम माइनिंग गेवरा परियोजना पार्थो मुखर्जी, सीनियर मैनेजर संतोष सिन्हा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी, महिला मंडल की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती आभा सक्सेना, अर्चना सिन्हा और सीनियर मैनेजर लोकेश माले अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में पोषक दास महंत, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिवचरण राठौर, श्रमिक नेता सतीश राठौर, बनवारी चंद्रा, धर्मेंद्र शुक्ला, रोहित राठौर, आलोक शर्मा, मदन राजपूत, ठाकुर राम साहू, बंसी राठौर, ओम प्रकाश जायसवाल, अशोक यादव, कुलदीप सिंह, संतोष सिंह, अभिषेक सिंह सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















