28 राउंड तक चला मटकी फोड़ का रोमांच, आधी रात बाद सूरीत लाल ने मारी बाजी

जवाली में जन्माष्टमी पर ‘आठ रंगों से रंगे रहा कन्हैया तिहार’ का आयोजन, 37 प्रतिभागियों ने आजमाया दमखम

कोरबा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जवाली में ‘आठ रंगों से रंगे रहा कन्हैया तिहार’ का आयोजन धार्मिक उल्लास और उत्साह के साथ किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की झांकी एवं पूजा-अर्चना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद रंगोली, ‘कृष्ण बनो’, बोरा दौड़, कुर्सी दौड़, बाल्टी में गेंद डालो और डांस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने बच्चों, युवाओं और महिलाओं को खूब आकर्षित किया।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण ग्रीस लगे खंभे पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। मटकी फोड़ने के लिए प्रतिभागियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रतियोगिता में कुल 37 प्रतिभागियों ने 28 राउंड तक मुकाबला किया। जैसे-जैसे राउंड आगे बढ़ते गए, दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया।

आधी रात के बाद फूटी मटकी, सूरीत ने जीता इनाम
लंबे समय तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद आधी रात के बाद सूरीत लाल पटेल ने आखिरकार मटकी फोड़कर प्रथम स्थान हासिल किया। विजेता को 3,001 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। मटकी टूटते ही आयोजन स्थल जयकारों और तालियों से गूंज उठा।

जन्माष्टमी के इस आयोजन में बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगारंग कार्यक्रमों के साथ पूरे आयोजन में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सुषमा रवि रजक, जनपद सदस्य कमल किशोर बेलदार, सरपंच दिलेश कुमार कंवर सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में जय बिहान महिला समिति एवं ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।