“कृष्ण भक्ति में डूबा कोरबा, मंदिर-मंदिर पहुंचे जयसिंह अग्रवाल”

जन्माष्टमी पर किया दर्शन-पूजन, बोले सत्य, धर्म और कर्म का श्रीकृष्ण संदेश आज भी प्रासंगिक

कोरबा। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने शहर एवं आसपास के विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने सप्तदेव मंदिर, श्याम मंदिर, राम-जानकी मंदिर सहित परसाभाठा एवं बालको स्थित राधाकृष्ण मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं के साथ उन्होंने जन्माष्टमी पर्व में सहभागिता की।

इस अवसर पर जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन केवल धार्मिक आस्था का आधार नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को जीवन जीने की कला, कर्तव्य के प्रति समर्पण और विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य के मार्ग पर डटे रहने की प्रेरणा देता है। श्रीकृष्ण ने अपने जीवन में कर्म को सर्वोच्च महत्व दिया और कठिन परिस्थितियों में भी सत्य एवं धर्म का साथ नहीं छोड़ा।

उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व हमें अपने भीतर प्रेम, करुणा, धैर्य और सकारात्मकता जैसे मानवीय मूल्यों को विकसित करने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण का संदेश आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने समाज को सिखाया कि अन्याय के सामने मौन रहना उचित नहीं, बल्कि सत्य और धर्म की रक्षा के लिए दृढ़ता के साथ खड़ा होना आवश्यक है।

जयसिंह अग्रवाल ने जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे की भावना मजबूत हो।