कोरबा। नगर के जश्न रिसॉर्ट में सिंघानिया परिवार की ओर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 12 सितंबर से किया जा रहा है। वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज के मुखारविंद से कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। कथा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कथा के प्रथम दिवस 12 सितंबर को लक्ष्मी नारायण मंदिर से कथा स्थल तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद विधिवत श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा।
कृष्ण लीला से रुक्मणी विवाह तक होंगे प्रसंग
आयोजक परिवार के अनुसार कथा के दूसरे दिन 13 सितंबर को परीक्षित जन्म का प्रसंग होगा। 14 सितंबर को कपिल देवमुनि संवाद की कथा सुनाई जाएगी। चौथे दिन नरसिंह अवतार एवं वामन अवतार के प्रसंग श्रद्धालुओं के बीच प्रस्तुत किए जाएंगे।
पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ गिरिराज पूजन का प्रसंग होगा। छठवें दिन कंस वध, गोपी गीत एवं रुक्मणी विवाह की कथा सुनाई जाएगी। सातवें एवं अंतिम दिवस सुदामा प्रसंग और परीक्षित मोक्ष के साथ व्यास पूजन होगा। 19 सितंबर को हवन एवं पूर्णाहुति के साथ श्रीमद्भागवत कथा का समापन किया जाएगा।
25 वर्षों से कथा वाचन में सक्रिय हैं भारद्वाज
आयोजक परिवार ने बताया कि अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज ने रसायन शास्त्र एवं पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने राष्ट्र, धर्म एवं संस्कृति के क्षेत्र में लंबे समय तक कार्य किया है। पिछले करीब 25 वर्षों से वे रामकथा और श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
उनके कथा कार्यक्रम भारत के अलावा विदेशों में भी आयोजित हो चुके हैं। सिंघानिया अग्रवाल परिवार की ओर से श्रद्धालुओं से कथा के सभी दिवस उपस्थित होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















