चोरों का दुस्साहस: पहले 5 बिजली खंभे तोड़े, फिर टावर गिराकर काट ले गए तार

चालू लाइन में शॉर्ट सर्किट कर बंद कराया विद्युत प्रवाह, 65 हजार का एल्युमिनियम कंडक्टर बरामद; दो आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। विद्युत अधोसंरचना को निशाना बनाकर चोरी करने का सनसनीखेज मामला बालको नगर थाना क्षेत्र में सामने आया है। चोरों ने चोरी के लिए पहले चालू विद्युत लाइन के पांच खंभों को हथौड़े और अन्य साधनों से क्षतिग्रस्त कर शॉर्ट सर्किट कराया, जिससे लाइन का विद्युत प्रवाह बंद हो गया। इसके बाद बेखौफ होकर विद्युत टावर को गिराया और उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 65 हजार रुपये कीमत का चोरी का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर बरामद किया है।

घटना 4 और 5 सितंबर की दरम्यानी रात अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको से आगे सीएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई। लाइन की जांच के दौरान विद्युत टावर क्षतिग्रस्त हालत में जमीन पर मिला। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले की सूचना बालको नगर पुलिस को दी।

करंट बंद कराने के बाद दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले लाइन के पांच खंभों को नुकसान पहुंचाया। इससे शॉर्ट सर्किट हुआ और विद्युत प्रवाह बाधित हो गया। इसके बाद आरोपियों ने विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटा और उसे लेकर फरार हो गए।

विद्युत लाइन जैसी संवेदनशील व्यवस्था के साथ की गई इस छेड़छाड़ से न केवल शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा, बल्कि आसपास के क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो गया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी

शिकायत मिलने के बाद बालको नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने एएसआई अजय सिंह और पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने विद्युत टावर गिराकर एल्युमिनियम कंडक्टर वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया लगभग 65 हजार रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी के वायर को खपाने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गगन टंडन (25), पिता महावीर टंडन तथा वासु साण्डे उर्फ चिंटू (18 वर्ष 8 माह), पिता मोहन लाल, दोनों निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, थाना बालको नगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136, 139, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 तथा बीएनएस की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की है।

अब चोरी के माल के खरीदारों की बारी

विद्युत टावर गिराकर तार चोरी करने की इस घटना ने जिले में सक्रिय चोरी के नेटवर्क को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अब यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि चोरी किया गया एल्युमिनियम वायर कहां खपाया जाना था और इसे खरीदने वाला कौन था।

विद्युत सामग्री की चोरी में यदि कोई कबाड़ी, व्यापारी या अन्य व्यक्ति चोरी का माल खरीदने में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस द्वारा पूरे नेटवर्क की पड़ताल किए जाने की उम्मीद है।

बालको नगर पुलिस की कार्रवाई से फिलहाल चोरी का पूरा माल बरामद हो गया है, लेकिन विद्युत टावर को नुकसान पहुंचाने वाली इस दुस्साहसिक वारदात के पीछे और कौन लोग जुड़े हैं, इसका खुलासा आगे की जांच में होने की संभावना है।