कोरबा। श्री अग्रसेन गौ धाम कनबेरी में 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के अवसर पर गौ धाम परिसर को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया जाएगा।
दिनभर चलने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
महोत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे गौ गोपाल जी के विशेष श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना के साथ होगी। दोपहर 3 से 5 बजे तक सुंदरकांड पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद शाम 5 बजे आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। मटकी में 500 रुपए नकद एवं चॉकलेट रखी जाएगी। मटकी फोड़ने वाले प्रतिभागी को 500 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
दूध-दही की मटकी फोड़ने पर मिलेगा 2100 रुपए पुरस्कार
शाम 6.30 बजे दूध-दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विजेता प्रतिभागी को 2100 रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके बाद शाम 7 बजे भव्य आरती, केक कटिंग और गौ गोपाल जी का फलों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
लड्डू गोपाल का झूला और माखन प्रसाद रहेगा खास आकर्षण
जन्माष्टमी महोत्सव में लड्डू गोपाल का आकर्षक झूला विशेष रूप से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए मिट्टी के पात्र में माखन प्रसाद के साथ फल-मिठाई एवं नाश्ते की व्यवस्था भी रहेगी। गौ धाम की साज-सज्जा और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सपरिवार श्री अग्रसेन गौ धाम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। साथ ही फल एवं मिठाई का भोग अर्पित करने वाले श्रद्धालुओं से पूर्व सूचना देने का आग्रह किया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















