थाने के समीप वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए करीब दो टन से अधिक एल्युमिनियम वायर पार कर दिया। चोरी गए वायर को चोर खेत के रास्ते नहर किनारे ले गए और वहां खड़े ट्रैक्टर में लादकर फरार हो गए। थाना क्षेत्र के समीप हुई इस बड़ी चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कोरबा के नागरिक कमलेश मिश्रा के मकान में टावर कंपनी के कर्मचारी किराए से रहते हैं। कंपनी द्वारा बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम वायर भी परिसर में रखा गया था। इसी वायर पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि अज्ञात चोर मौका पाकर परिसर में रखे एल्युमिनियम वायर को निकालकर खेत के रास्ते नहर के पास पहुंचे। वहां पहले से खड़े ट्रैक्टर में वायर लादकर चोर मौके से फरार हो गए। चोरी किए गए वायर की मात्रा करीब दो टन से अधिक बताई जा रही है, जिससे चोरी गए सामान की कीमत भी काफी अधिक होने की संभावना है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद उरगा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्र में पतासाजी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में वायर को चोरों ने कैसे बाहर निकाला और चोरी में कितने लोग शामिल थे।
थाने के समीप इतनी बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम वायर चोरी होने की घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















