नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल, 6 अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रभार बदले

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों- कर्मचारियों के प्रभार में फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर से जारी आदेश के तहत छह अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल में निगम की आय और राजस्व संग्रहण से जुड़ी महत्वपूर्ण शाखाओं के साथ कोसाबाड़ी तथा पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी भी बदले गए हैं। बदलाव को निगम की राजस्व वसूली और जोन स्तर पर कार्यों में तेजी लाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

किसे मिली क्या जिम्मेदारी
सुमीत गुप्ता, सहायक राजस्व अधिकारी को कोसाबाड़ी जोन के उप जोन प्रभारी के दायित्व से मुक्त करते हुए राजस्व एवं जलकर शाखा का सहायक नोडल बनाया गया है। वे उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।

श्रीराम सिंह नेताम, कार्यालय अधीक्षक को कैश शाखा से हटाकर संपत्तिकर शाखा का सहायक नोडल बनाया गया है।

अविनाश जायसवाल, राजस्व निरीक्षक को पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी के दायित्व से हटाकर कोसाबाड़ी जोन का नया उप जोन प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भावेश यादव, राजस्व उप निरीक्षक को संपदा शाखा का सहायक नोडल बनाया गया है।

उत्तम राठौर, राजस्व उप निरीक्षक कोरबा जोन से स्थानांतरित कर पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन का उप जोन प्रभारी बनाया गया है।

राम महतो, सहायक राजस्व निरीक्षक को संपदा शाखा के कॉम्प्लेक्स/दुकान संबंधी कार्यों में नई पदस्थापना दी गई है।

राजस्व वसूली पर रहेगा जोर
निगम में किए गए इन बदलावों का मुख्य फोकस राजस्व, जलकर, संपत्तिकर और संपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों-कर्मचारियों से राजस्व संग्रहण और जोन स्तर के कार्यों में तेजी की उम्मीद की जा रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नए प्रशासनिक दायित्वों के बाद निगम की राजस्व वसूली और मैदानी कामकाज में कितना सुधार आता है।