सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला,आरोपी फरार
कोरबा।घर की दहलीज पर दोस्तों के साथ बैठकर महुआ शराब पी रहे 64 वर्षीय बुजुर्ग को शायद अंदाजा भी नहीं था कि एक तस्वीर उसके लिए जानलेवा विवाद की वजह बन जाएगी। शराब पीते हुए तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक दोस्त ने कथित तौर पर डंडे से बुजुर्ग पर हमला कर दिया। डंडा टूटने तक पिटाई करने के बाद लात-मुक्कों से भी बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने करीब 15 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। घटना जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के महगवां डांड जटगा गांव की है।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुरान बाई के साथ गांव में रहता था। पुलिस के अनुसार घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी और प्रसाद घर पर अकेला था। इसी दौरान उसके दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी उसके घर पहुंचे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे।
मोबाइल से फोटो खींचने के बाद बिगड़ा माहौल
इसी दौरान गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। उसने तीनों को शराब पीते हुए देखा और मोबाइल से उनकी तस्वीर खींच ली। इसके बाद तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहते हुए वह वहां से चला गया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर समारू उर्फ बबलू नाराज हो गया।
समारू ने प्रसाद पर राहुल को बुलाकर तस्वीर खिंचवाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि समारू ने घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया।
डंडा टूटने तक पीटा, फिर लात-मुक्कों से हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर प्रसाद की डंडे से जमकर पिटाई की। मारपीट के दौरान डंडा टूट गया, इसके बाद भी हमला नहीं रुका। आरोप है कि प्रसाद को जमीन पर पटककर लात-मुक्कों और हाथ-मुक्कों से भी पीटा गया। बीच-बचाव करने पहुंचे हीरासिंह के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।
घटना के बाद हीरासिंह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और ग्रामीणों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इधर, गंभीर रूप से घायल प्रसाद पूरी रात अपने घर में ही पड़ा रहा।
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
अगले दिन ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर प्रसाद को पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया। यहां करीब 15 दिनों तक उसका उपचार चलता रहा।
मंगलवार शाम उपचार के दौरान प्रसाद सिंह ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना के बाद अस्पताल पुलिस ने मेमो के आधार पर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से समारू उर्फ बबलू नेटी फरार बताया जा रहा है। जटगा पुलिस चौकी की टीम आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मारपीट की परिस्थितियों तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















