फांसी से पहले महिला ने बहनों को भेजा वीडियो, दीवार पर लिखा सुसाइड नोट; बहू पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

लक्ष्मणवन में महिला की मौत से सनसनी, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणवन इलाके में एक 40 वर्षीय महिला की फांसी लगाने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतिका ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले कथित तौर पर अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। वहीं, कमरे की दीवार पर हाथ से लिखे संदेश में उसने अपनी बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतिका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है। वह लक्ष्मणवन में रहती थी, जबकि उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में बताया गया है। जानकारी के अनुसार कोरोना काल में उसके पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार कार्तिक दास से दूसरा विवाह किया था। कार्तिक दास ठेकेदारी का काम करता है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी। लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। पूर्णिमा के पति संजय दास निजी कंपनी में कार्यरत हैं और उनका करीब तीन वर्ष का पुत्र भी है।

विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार घटना से पहले घर में पति, बहू और बेटे के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद से संबंधित एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। बताया गया कि इसी घटनाक्रम के बाद लक्ष्मी ने कथित तौर पर 27 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

फांसी लगाने से पहले उसने अपने मोबाइल से वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेज दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दीवार पर मिले हस्तलिखित नोट की होगी जांच


पुलिस को घटनास्थल के कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें मृतिका ने अपनी बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, नोट की वास्तविकता और उसमें लिखी बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि फांसी लगाने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे की दीवार पर हस्तलिखित संदेश मिला है, जिसमें मृतिका ने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के माध्यम से लिखावट की जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतिका द्वारा भेजे गए वीडियो और दीवार पर मिले हस्तलिखित नोट की जांच भी मामले की दिशा स्पष्ट करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।