सड़क हादसों पर अंकुश की पहल: 52 मवेशियों को लगाए गए रेडियम बेल्ट

रात में दूर से नजर आएंगे सड़क पर विचरण करने वाले पशु, कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर पशुधन विभाग ने चलाया अभियान

कोरबा। सड़क पर खुले में विचरण करने वाले पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और पशुधन की सुरक्षा को लेकर कोरबा जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा नगर पंचायत छुरी, विकासखंड कटघोरा में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान मुख्य मार्ग पर विचरण करने वाले 52 पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट लगाए गए। रेडियम बेल्ट लगाए जाने से रात के समय सड़क पर मौजूद पशु वाहन चालकों को दूर से ही आसानी से दिखाई देंगे। इससे वाहन चालक समय रहते सावधानी बरत सकेंगे और पशुओं से टकराने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने में मदद मिलेगी।

रात में बढ़ेगी पशुओं की दृश्यता
सड़क दुर्घटनाओं में कई बार रात के समय सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशु वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसी स्थिति में दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

रेडियम बेल्ट प्रकाश पड़ने पर चमकता है, जिससे अंधेरे में पशुओं की दृश्यता बढ़ जाती है और वाहन चालक उन्हें काफी दूरी से पहचान सकते हैं।

पशुधन विकास विभाग ने इस पहल को पशु एवं जनसुरक्षा की दिशा में उपयोगी कदम बताते हुए अभियान के दौरान पशुपालकों और नागरिकों को भी जागरूक किया।

पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील
विभाग ने पशुपालकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुले में सड़कों पर न छोड़ें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने के साथ सड़क पर उनके विचरण को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरती जाए, ताकि पशुओं के साथ-साथ वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

पशुधन विकास विभाग, जिला कोरबा द्वारा पशु एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जागरूकता और सुरक्षा संबंधी ऐसे अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।