कल शाम घर से निकला था संजय धनुहार, रातभर नहीं लौटा; पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब डोमनाला में एक युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच कार्रवाई शुरू की।
मृतक की पहचान चीतापाली निवासी संजय धनुहार, पिता सुखसिंह धनुहार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संजय कल शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी समय बीतने के बाद परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान परिजनों को जानकारी मिली कि क्षेत्र के डोमनाला में एक युवक का शव पानी में तैर रहा है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान संजय धनुहार के रूप में की। इसके बाद घटना की सूचना उरगा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भिजवा दिया है।
मौत की वजह अब भी रहस्य
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। वह डोमनाला तक कैसे पहुंचा और पानी में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच में जुटी हुई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















