महिलाओं के विरोध के बाद आबकारी विभाग ने लिया फैसला,पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मिलकर महिलाओं ने जताया आभार
कोरबा। वार्ड क्रमांक 10 बरबसपुर में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर चल रहा विरोध अब समाप्त हो गया है। आबकारी विभाग ने बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को निरस्त कर दिया है। पिछले दिनों स्थानीय महिलाओं ने शराब दुकान खोले जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया था।
बताया गया कि बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव की जानकारी सामने आने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसका विरोध किया था। महिलाओं का कहना था कि आबादी वाले क्षेत्र में शराब दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा और महिलाओं एवं परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसी मामले को लेकर पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल से भी महिलाओं ने मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। प्रकरण के संबंध में आबकारी विभाग के एक अधिकारी से पूर्व मंत्री की फोन पर बातचीत के दौरान तीखी बहस होने की बात भी सामने आई थी।
आबकारी विभाग द्वारा प्रस्ताव निरस्त किए जाने की जानकारी मिलने के बाद बरबसपुर की करीब 50 से 60 महिलाएं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मिलने पहुंचीं।
महिलाओं ने शराब दुकान का प्रस्ताव निरस्त होने पर उनका आभार व्यक्त किया।
बताया जा रहा है कि आबकारी विभाग ने विभिन्न परिस्थितियों और स्थानीय विरोध को देखते हुए बरबसपुर में शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है।
विरोध के बाद बदला फैसला
शराब दुकान के प्रस्ताव को लेकर बरबसपुर में पिछले दिनों से विरोध का माहौल था। महिलाओं द्वारा लगातार आपत्ति दर्ज कराने के बाद मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तूल पकड़ लिया था। अब प्रस्ताव निरस्त होने के बाद स्थानीय महिलाओं ने राहत की सांस ली है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















