गेवरा प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों की लगी बोली

मनीष राठौर, कमल साहू और पुष्पराज सिदार रहे सबसे महंगे खिलाड़ी

कोरबा। कोरबा जिले की बहुचर्चित क्रिकेट प्रतियोगिता गेवरा प्रीमियर लीग सीजन-6 के लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन स्नेह मिलन, प्रगति नगर दीपका में आयोजित किया गया।

प्रतियोगिता में कोरबा, पेंड्रा, गेवरा, दीपका सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कुल 107 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया।

ऑक्शन के दौरान टीमों ने खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगाई।

इस दौरान मनीष राठौर, कमल साहू और पुष्पराज सिदार सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल रहे। टीमों ने इन खिलाड़ियों को आपसी बोली के बाद अपने-अपने दल में शामिल किया। ऑक्शन में खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रदर्शन को देखते हुए टीम प्रबंधन ने रणनीति के अनुसार बोली लगाई।

कार्यक्रम में दीपका परियोजना महाप्रबंधक एन.के. साहू, गेवरा प्रोजेक्ट महाप्रबंधक पी. मुखर्जी एवं दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों और आयोजकों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतिभाओं को मंच देने की पहल
आयोजकों ने बताया कि गेवरा प्रीमियर लीग का उद्देश्य स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

आयोजक तनवीर अहमद एवं जी. उदयन ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में कमलजीत सिंह, सानिध्य सोलंकी, आदर्श पालीवाल, मो. साबिर, मो. वसीम, विन्नी सिंह, सुरेंद्र सिंह, मृणाल बोराल एवं दीप सरकार का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि गेवरा प्रीमियर लीग के माध्यम से उभरते खिलाड़ी आगे चलकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सफल होंगे।