जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

कोरबा।कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। दूरस्थ इलाकों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 61 आवेदन प्राप्त हुए।

जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षक भर्ती, भूमि बंटवारा, भूमि संबंधी शिकायत, सीमांकन, शासकीय भूमि, राशन कार्ड, दिव्यांग उपकरण, रोजगार, युक्तियुक्तकरण, विद्युत, कॉलेज फीस सहित कई मामलों से संबंधित आवेदन आए। इसके अलावा स्कूलों में बाउंड्रीवॉल निर्माण और डीएमएफ से संबंधित निर्माण कार्यों से जुड़े विषय भी नागरिकों ने रखे।

कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

जनदर्शन में अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और उन्हें प्रशासन तक सीधे अपनी बात पहुंचाने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।