राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप, कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा का प्रदर्शन

खड़गे, सोनिया और राहुल गांधी के आचरण को बताया शर्मनाक, तिरंगा लेकर निकाली पदयात्रा

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में राष्ट्रीय गीत के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के कथित आचरण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टीपी नगर चौक से जिला कांग्रेस कार्यालय तक पदयात्रा निकाली।

भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय गीत के सम्मान का संदेश दिया और कांग्रेस नेतृत्व के रवैये के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की अस्मिता एवं गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी जैसे वरिष्ठ नेताओं का राष्ट्रीय गीत के प्रति कथित रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, राष्ट्रभक्ति और देश के प्रतीकों के सम्मान का संदेश दिया।

प्रदर्शन में भाजपा के जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, युवा मोर्चा सहित विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।