पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक की इलाज के दौरान मौत

बरपाली-सरगबुंदिया के पास हादसा, पुत्र को भी आई चोट; पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

उरगा/कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में चांपा फोरलेन पर तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सलिहाभाठा निवासी भास्कर महतो (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भास्कर महतो 10 जुलाई 2026 की शाम अपने पुत्र कृष्णा महतो के साथ ऑटो क्रमांक सीजी-11 डी-7450 से सवारी लेने पताढ़ी जा रहे थे। ऑटो भास्कर महतो चला रहे थे। रात करीब 8 बजे चांपा फोरलेन पर बरपाली-सरगबुंदिया के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप क्रमांक सीजी-12 बीके-7730 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क किनारे पलटा ऑटो
पिकअप की टक्कर से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में भास्कर महतो के कमर, पेट, हाथ-पैर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं उनके पुत्र कृष्णा महतो को भी चोट लगी, हालांकि उसकी स्थिति सामान्य बताई गई।

हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल भास्कर महतो को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद भास्कर महतो की हालत में सुधार नहीं हुआ और 11 जुलाई की रात करीब 3:50 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद परिवार में मातम पसर गया।

पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में उरगा पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं धारा 183 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना के आधार पर की जाएगी।