मजदूर, किसान और कर्मचारी संगठनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जताया विरोध
कोरबा। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों,संयुक्त किसान मोर्चा एवं स्वतंत्र कर्मचारी फेडरेशनों के संयुक्तआह्वान पर मजदूर,किसान एवं जनविरोधी नीतियों के विरोध में बालकोनगर के परसाभाठा में एटक यूनियन ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासन को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
एटक के महासचिव हरि नाथ सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में महंगाई और बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं भी आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य के बढ़ते निजीकरण से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। सरकारी स्कूलों को बंद करने तथा शिक्षा व्यवस्था में सार्वजनिक निवेश कम करने का असर विशेष रूप से गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों पर पड़ रहा है।
सिंह ने सरकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की संपत्तियों की बिक्री और निजीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न स्थानों पर अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे लोगों को लाठीचार्ज और दमन का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन में एटक के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मजदूर तथा विभिन्न जनसंगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
