बालको कर रहा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास : लखन लाल

अयोध्यापुरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए हुआ भूमिपूजन, शिक्षा-स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं पर जोर

कोरबा। बालको द्वारा अयोध्यापुरी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, पार्षद सरोज शांडिल्य, बालको के मुख्य कॉरपोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए लखन लाल देवांगन ने बालको प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि बालको केवल औद्योगिक उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन जैसे कार्य स्थानीय नागरिकों के सामाजिक आयोजनों तथा सामुदायिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि बालको द्वारा क्षेत्र के शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में लगातार योगदान दिया जा रहा है। उद्योग और समाज के बीच सहयोग से कोरबा के विकास को नई गति मिल रही है।

20 गांवों के 20,600 से अधिक लोगों को लाभ
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि कंपनी स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में समुदाय के विकास में अपनी भूमिका निभा रही है। सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आपसी जुड़ाव बढ़ाने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि बालको के विभिन्न सामुदायिक विकास प्रयासों से 20 गांवों के 20,600 से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत बालको आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के निर्माण और विकास में निरंतर योगदान देता रहेगा।