जल्दबाजी में दफनाया शव, पीएम रिपोर्ट में करंट से मौत का खुलासा

मिक्सर मशीन विद्युत लाइन से टकराने पर हुई थी मजदूर की मौत, जांच के बाद तीन धाराओं में अपराध दर्ज

कोरबा-पाली। ग्राम नगोई में लेंटर ढलाई के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत के मामले में पाली पुलिस ने जांच के बाद मिक्सर मशीन मालिक, ऑपरेटर एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण विद्युत करंट लगना बताया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना 15 जून 2026 की है। ग्राम पोड़ी मड़वामहुआ निवासी नवीन कुमार गोंड लेंटर ढलाई के कार्य के लिए मिक्सर मशीन मालिक विकास उईके के साथ ग्राम नगोई गया था। ढलाई के दौरान मिक्सर मशीन को लेंटर के लेवल पर सेट किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन का ऊपरी हिस्सा विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया और नवीन कुमार करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गया।

परिजन उसे करीब दोपहर 1.30 बजे पाली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी पूर्णिमा श्याम ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे और परिवार के लोगों को पोस्टमार्टम होने की जानकारी देकर शव सौंप दिया गया और उसी रात अंतिम संस्कार कर दिया गया। बाद में जब पोस्टमार्टम नहीं होने की जानकारी सामने आई तो उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।

कब्र से शव निकालकर कराया गया पीएम
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में नवीन कुमार की मृत्यु विद्युत करंट लगने से होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू की।

जांच के आधार पर पाली पुलिस ने मिक्सर मशीन मालिक विकास उईके, मशीन ऑपरेटर एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ धारा 106(1), 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में जिम्मेदारी और घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की विवेचना कर रही है।