फर्जी नंबर प्लेट लगाकर प्रतिबंधित क्षेत्र में मशीन संचालन का मामला, पुलिस ने दर्ज किया केस
कोरबा-दीपका। एसईसीएल की दीपका खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में दूसरे पे-लोडर की नंबर प्लेट लगाकर मशीन संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। खदान की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने जांच के दौरान गड़बड़ी पकड़ ली। मामले में दीपका पुलिस ने धारा 329 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CISF निरीक्षक गायत्री सिंह की शिकायत के अनुसार 6 अगस्त को सूचना मिली थी कि के.के. इंटरप्राइजेस का पे-लोडर बिना वैध गेट पास के कोल स्टॉक नंबर-06 में संचालित हो रहा है। सूचना मिलने पर खदान में तैनात क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और मशीन के चालक से पूछताछ की।
जांच के दौरान पे-लोडर पर सीजी-12बीसी-5410 की नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि मशीन का वास्तविक पंजीयन क्रमांक सीजी-04पीबी-7987 था। जांच में यह भी सामने आया कि सीजी-12बीसी-5410 नंबर वाला पे-लोडर खराब होने के कारण खदान के बी-1 एवं बी-2 क्षेत्र में मरम्मत के लिए खड़ा था।
वहीं वास्तविक मशीन सीजी-04पीबी-7987 को दूसरे पे-लोडर के वैध गेट पास के आधार पर खदान में प्रवेश कराया गया था। चालक के पास सीजी-04पीबी-7987 का वैध गेट पास भी नहीं मिला। CISF ने जांच के बाद संबंधित पे-लोडर और दस्तावेज पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
नंबर प्लेट बदलने के पीछे कौन?
मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच का प्रमुख बिंदु यह है कि वास्तविक मशीन को दूसरे पे-लोडर के नंबर और गेट पास के आधार पर खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश किसने कराया और इसके पीछे किसका उद्देश्य था।
पुलिस इस मामले में मशीन संचालक, संबंधित ठेका कंपनी तथा गेट पास और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर सकती है। जांच आगे बढ़ने के साथ नंबर प्लेट बदलकर मशीन को खदान में प्रवेश दिलाने के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।
एसईसीएल की विभिन्न परियोजनाओं में पहले भी डीजल, कोयला और स्क्रैप चोरी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में दूसरे वाहन के नंबर का इस्तेमाल कर मशीन के प्रवेश का मामला सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। पुलिस और CISF की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह गड़बड़ी किस उद्देश्य से की गई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
