60 लाख से चार वार्डों में होंगे विकास कार्य, मंत्री देवांगन ने किया भूमिपूजन-लोकार्पण

कोरबा निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी गति, 145 करोड़ से सड़कों के सुधार का भी दावा

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों में करीब 60 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास एवं जनसुविधा संबंधी कार्य किए जाएंगे। पोड़ीबहार स्थित चंद्रा समाज भवन में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण किया तथा प्रस्तावित कार्यों का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 32, 36, 37 एवं 24 से संबंधित विभिन्न कार्य शामिल हैं। वार्ड क्रमांक 32 के पोड़ीबहार में 25 लाख रुपए की लागत से सांस्कृतिक मंच, शेड एवं अन्य विस्तार कार्य पूर्ण होने पर उसका लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा वार्ड क्रमांक 36 के रिसदी बस्ती में सांस्कृतिक मंच, वार्ड क्रमांक 24 में शिव मंदिर के पास 5 लाख रुपए की लागत से एसएस रेलिंग, वार्ड क्रमांक 37 की सिंचाई कॉलोनी स्थित रामपुर दुर्गा पंडाल में 5 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण, वार्ड क्रमांक 36 के डिंगापुर तालाब में पचरी निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 24 के जैन मंदिर के पीछे बुधवारी में राइटर पेंटर वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ कोरबा के पास सामुदायिक भवन के अहाता निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

विकास कार्य समय-सीमा में पूरे करने का भरोसा

मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार कोरबा के विकास को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सहयोग कोरबा जिले को मिल रहा है। उनके अनुसार पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम क्षेत्र में करीब 1000 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि अनेक कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने कहा कि कोरबा की सड़कों के सुधार के लिए 145 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने भूमिपूजन किए गए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया।

चंद्रा समाज ने जताया आभार

महापौर संजू देवी राजपूत ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। चंद्रा समाज के अध्यक्ष लखन चंद्रा और अश्वनी चंद्रा ने 25 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण का वादा पूरा होने पर मंत्री देवांगन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य अजय कुमार चंद्रा, अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, प्रताप सिंह कंवर, एल्डरमैन ईश्वर साहू, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, कोरबा चंद्रा समाज की अध्यक्ष भुनेश्वरी चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।