दीपका साइलो-1 और 2 में ऑटोमैटिक मैकेनिकल सैंपलर शुरू

कोयले की गुणवत्ता जांच होगी अधिक सटीक, पारदर्शी और मशीनीकृत

कोरबा। एसईसीएल के दीपका क्षेत्र ने तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दीपका साइलो-1 एवं 2 में ऑटोमैटिक मैकेनिकल सैंपलर (एएमएस) का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था से कोयले की गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया अधिक वैज्ञानिक, सटीक और पारदर्शी हो सकेगी।

एएमएस का शुभारंभ क्षेत्रीय महाप्रबंधक अशोक कुमार ने किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (खनन) नागेन्द्र साहू, महाप्रबंधक (संचालन) राजेन्द्र प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

अधिकारियों के अनुसार, ऑटोमैटिक मैकेनिकल सैंपलर के माध्यम से कोयले के नमूने लेने और गुणवत्ता निर्धारण की प्रक्रिया मशीनीकृत होगी। इससे मानवीय हस्तक्षेप कम होने के साथ गुणवत्ता जांच में सटीकता और निष्पक्षता बढ़ेगी।

साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण में पारदर्शिता, संचालन दक्षता और उपभोक्ताओं के विश्वास को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

एसईसीएल प्रबंधन ने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर सुरक्षित, पारदर्शी और बेहतर खनन संचालन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दीपका साइलो में एएमएस की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।