सीईओ जिला पंचायत ने करतला विकासखंड का किया सघन निरीक्षण

गुणवत्तापूर्ण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश, महिला समूहों की आजीविका गतिविधियों का भी लिया जायजा

कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने विकासखंड करतला में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। सुबह 8 बजे से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान उन्होंने नोनबिर्रा, कोटमेर, करतला, रामपुर, चैनपुर, सेन्द्रिपाली, सलिहाभांठा, तुमान, बरपाली एवं सोहागपुर पहुंचकर निर्माण कार्यों और आजीविका गतिविधियों की जमीनी स्थिति देखी।

सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित प्राक्कलन एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा ग्रामीणों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी भवन, पंचायत भवन, विद्यालय भवन, महतारी सदन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सामुदायिक शौचालय सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया गया। आंगनबाड़ी एवं प्राथमिक शाला भवनों में मिले सीपेज की समस्या का शीघ्र निराकरण करने तथा लंबित निर्माण कार्यों को आगामी दो से तीन माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए। महतारी सदन में ग्लो बोर्ड लगाने और निर्माण कार्यों में मिली कमियों को तत्काल दूर करने को कहा गया।

रीपा और आजीविका गतिविधियों की जांची गुणवत्ता
ग्राम कोटमेर में रीपा का निरीक्षण कर सीईओ ने स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप मास्क एवं एप्रन का उपयोग सुनिश्चित करने, अग्निशमन उपकरण लगाने तथा बंद मशीनों को दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए।

सेनद्रीपाली के अटल डिजिटल सुविधा केंद्र की संचालन व्यवस्था और सेवा शुल्क की जानकारी ली गई। चैनपुर में सचिव को आवश्यक प्रशिक्षण देने, विद्यालय पहुंच मार्ग सुधारने तथा भवन निर्माण में छत एवं छज्जों में उचित ढाल रखने के निर्देश दिए गए।

बरपाली में मल्टीग्रेन यूनिट स्थापित करने, पंचायत परिसर में कॉम्प्लेक्स निर्माण शुरू करने तथा ग्रामीण आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने को कहा गया। सोहागपुर में शेड, वर्कशेड एवं शौचालय निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

राखियों के लिए लगेगा विशेष स्टॉल
आगामी रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए सीईओ ने महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार की जा रही राखियों के विक्रय के लिए जनपद पंचायत कार्यालय में विशेष स्टॉल लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से महिला समूहों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इस दौरान कोटमेर में दुर्गा स्व-सहायता समूह की रेडी-टू-ईट इकाई, बरपाली में जय मां सरस्वती स्व-सहायता समूह की कपड़ा दुकान, जय मां राधा समूह की रेडी-टू-ईट इकाई और हसदेव रूरल मार्ट का निरीक्षण किया गया। लखपति दीदी महिला उद्यमियों से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

सोहागपुर में संगम महिला क्लस्टर संगठन की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही पारंपरिक राखियों का अवलोकन करते हुए सीईओ ने उनके प्रयासों की सराहना की और उत्पादों के बेहतर विपणन एवं आयवृद्धि के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा।