अवैध वसूली के आरोप में दो पुलिसकर्मी निलंबित

SDOP की जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही, एसपी ने की कार्रवाई

कोरबा। कटघोरा थाना में पदस्थ आरक्षक प्रदीप राठौर और रामधन पटेल को अवैध वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिकायत की जांच SDOP कटघोरा द्वारा की गई, जिसमें आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक ने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

मामले में विभागीय जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता आर्यन ध्रुव (19), पिता महेश्वर सिंह, निवासी रजकम्मा पारा, थाना कटघोरा ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 3 अगस्त 2026 को वह पल्सर-150 बाइक क्रमांक CG 12 AX 3013 से कटघोरा से रजकम्मा जा रहा था। उसकी बाइक की डिक्की में 8 पाव शराब रखी थी।

शिकायत के मुताबिक, कसनिया बायपास के पास पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर थाना ले जाने, शराब व नगदी जब्त करने और जेल भेजने का भय दिखाया। आरोप है कि कार्रवाई से बचाने के नाम पर पहले एक लाख रुपये की मांग की गई और बाद में कथित रूप से 20 हजार रुपये लिए गए। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि 10 हजार रुपये बाद में देने की बात हुई तथा पूरी राशि नहीं देने तक बाइक वापस नहीं करने की बात कही गई।

जांच के बाद हुई कार्रवाई
शिकायत मिलने पर एसपी ने मामले की जांच कटघोरा एसडीओपी को सौंपी। जांच प्रतिवेदन में शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद दोनों आरक्षकों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन के साथ ही मामले में विभागीय जांच भी जारी है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता के खिलाफ भी आबकारी एक्ट का मामला
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आर्यन ध्रुव के विरुद्ध कटघोरा थाना में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज है। कथित अवैध वसूली की शिकायत इसी मामले से संबंधित बताई जा रही है। विभागीय जांच के परिणाम के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट होगी।