कोरबा। केंद्रीय रेशम बोर्ड के तत्वावधान में संचालित ‘मेरा रेशम, मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को कोसा बीज केंद्र, तुमान में रेशमकीट पालकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 50 से अधिक रेशमकीट पालकों ने हिस्सा लिया और तसर रेशमकीट पालन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में सहायक संचालक रेशम, जिला कोरबा बलभद्र सिंह भण्डारी एवं कोसा बीज केंद्र तुमान के प्रभारी गुलशन कुमार उपस्थित रहे। वैज्ञानिक डॉ. विनोद सिंह ने पालकों को तसर रेशमकीट पालन की उन्नत तकनीक, रोग एवं कीट प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा वैज्ञानिक पद्धति से पालन के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने रेशमकीट पालकों से वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया, ताकि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के साथ उनकी आय भी बढ़ाई जा सके।
सहायक संचालक रेशम बलभद्र सिंह भण्डारी ने पालकों को बेहतर उत्पादन के लिए बधाई देते हुए कहा कि वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रेशम उत्पादन को और अधिक बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण उत्पादन पर विशेष ध्यान देने तथा नवीन तकनीकों का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का उद्देश्य रेशमकीट पालकों को नवीन वैज्ञानिक तकनीकों से अवगत कराकर रेशम उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना रहा।
समापन अवसर पर कोसा बीज केंद्र तुमान के प्रभारी गुलशन कुमार ने केंद्रीय रेशम बोर्ड की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने रेशमकीट पालकों से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
