चार बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई मरम्मत, मकुंदपुर के बांधईपारा में पेयजल संकट गहराया
कोरबा/करतला। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मकुंदपुर के बांधईपारा में पिछले करीब तीन महीने से सोलर आधारित पेयजल पंप बंद पड़ा है। पंप खराब होने के कारण मोहल्ले के ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी की व्यवस्था के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोलर पंप बंद होने की शिकायत जिम्मेदार विभाग से कई बार की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि करीब चार बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक पंप की मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में पेयजल की नियमित उपलब्धता बेहद जरूरी है। मोहल्ले में स्थापित सोलर पंप ही पानी की प्रमुख व्यवस्था का माध्यम था, लेकिन लंबे समय से बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार विभाग की ओर से समस्या के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। यदि जल्द ही पंप की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है।
जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और क्रेडा विभाग से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बंद पड़े सोलर पंप की मरम्मत कराने तथा पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी यदि महीनों इंतजार करना पड़े तो यह विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे अपनी मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष दोबारा शिकायत दर्ज कराने के साथ आवश्यक कदम उठाएंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
