रिस्दा ब्रिज मरम्मत प्रस्ताव में देरी पर एसडीओ को नोटिस

कलेक्टर ने जताई नाराजगी, सड़क सुधार और ट्रैफिक डायवर्सन के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कोरबा।जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले की प्रमुख सड़कों, पुल-पुलियों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान रिस्दा ब्रिज की मरम्मत के लिए निर्धारित समयावधि में प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग सेतु के एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग पर सड़क मरम्मत कार्य के लिए ट्रैफिक डायवर्सन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए संबंधित विभागों की कमेटी गठित कर वैकल्पिक मार्ग तय करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ईई लोक निर्माण विभाग को यातायात विभाग से समन्वय कर सड़क सुधार कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।

एनएच पर खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में बिलासपुर-अंबिकापुर और कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से खड़े किए जाने वाले ट्रकों को लेकर भी गंभीरता से चर्चा हुई। कलेक्टर ने ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के उपयुक्त स्थानों पर भारी वाहनों के लिए पार्किंग संबंधी संकेतक बोर्ड लगाने को भी कहा, ताकि सड़क पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन,नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय,अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।