निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश, विजेता विद्यार्थियों का सम्मान

कोरबा। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विकासखंडवार विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित आवागमन को लेकर अपने विचार निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कोरबा विकासखंड में सेजेस पंपहाउस के कक्षा 11वीं के आयुष केशरवानी ने प्रथम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीडब्ल्यूडी रामपुर के कक्षा 12वीं के राजकुमार मरावी ने द्वितीय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरकोमा की कक्षा 11वीं की तानी राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पाली विकासखंड में शासकीय हाई स्कूल हरनमुड़ी की कक्षा 9वीं की माही कश्यप प्रथम, सेजेस पाली की साक्षी पाली द्वितीय तथा शासकीय हाई स्कूल कोरबी की कक्षा 12वीं की मनीषा पटेल तृतीय रहीं।

कटघोरा विकासखंड में शासकीय हाई स्कूल विजयनगर की अनुष्का अनंत प्रथम, सेजेस हिंदी माध्यम ढेलवाडीह की पवित्रवती कोल द्वितीय तथा सेजेस गोपालपुर की उमा देवांगन तृतीय रहीं।

पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड में पीएम श्री सेजेस पोड़ी-उपरोड़ा की कक्षा 12वीं की संध्यावती आमोर्ज प्रथम, सेजेस सिंघिया की कक्षा 10वीं की साक्षी सारथी द्वितीय तथा सेजेस गुरसिया की दीपमाला सिदार तृतीय स्थान पर रहीं।

करतला विकासखंड में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा की नीलिमा चौहान ने प्रथम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरेली की रश्मि मिरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी आयुष केशरवानी ने सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने और लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, डीएमसी बल्लभ दास वैष्णव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।