सौर ऊर्जा से रोशन हुआ सुरेश सिंह का घर, बिजली बिल में मिली बड़ी राहत
कोरबा।प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत कोरबा जिले में लोगों का रुझान सौर ऊर्जा की ओर बढ़ रहा है। योजना के माध्यम से घरेलू उपभोक्ता बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे रहे हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी भी लोगों के लिए सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने में मददगार साबित हो रही है।
कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी सुरेश सिंह ने भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराया है। उन्होंने शुरुआत में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगाया। इससे मिले सकारात्मक परिणाम और बिजली बिल में कमी के बाद उन्होंने एक और 3 किलोवाट क्षमता का संयंत्र स्थापित कराया। वर्तमान में उनके घर पर कुल 6 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगा हुआ है।
सुरेश सिंह के मुताबिक सोलर संयंत्र स्थापित होने के बाद उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि अब कई बार उनका बिजली बिल माइनस यानी क्रेडिट में आ रहा है। पिछले छह महीनों से उन्हें बिजली बिल को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं रही। सौर ऊर्जा से घर की बिजली जरूरत पूरी होने के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन का भी लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी से सोलर संयंत्र लगाना अपेक्षाकृत आसान और किफायती हुआ। योजना से आर्थिक बचत के साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का अवसर भी मिला है।
सुरेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना आम परिवारों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। इससे बिजली खर्च कम करने के साथ लोगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी लेकर सौर ऊर्जा को अपनाएं और बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
