कोरबा। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और खनिजों के भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और छापेमारी करते हुए कुल 12 वाहनों को जब्त किया है।
खनिज विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान राताखार में रेत का अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर, कसरेंगा में 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 ट्रैक्टर, सुराकछार में 1 ट्रैक्टर और पाली में 1 ट्रैक्टर पकड़ा गया। वहीं कापूबहरा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक टीपर को जब्त किया गया।
इसके अलावा भिलाई बाजार में रेत का अवैध परिवहन करते 2 ट्रैक्टर और 1 टीपर पर भी कार्रवाई की गई। इस तरह अलग-अलग स्थानों से कुल 12 वाहनों को जब्त कर संबंधित पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में सुरक्षार्थ रखा गया है।
अवैध खनन पर लगातार निगरानी
खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ अवैध खनन से होने वाली शासकीय राजस्व की हानि को रोकना भी है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत, मिट्टी एवं अन्य खनिजों के उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का अवैध कारोबार करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
