रोपण क्षेत्र से 100 फेंसिंग पोल की चैनलिंक जाली चोरी

वन विभाग की शिकायत पर पाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला

कोरबा। वन विभाग के पाली रेंज अंतर्गत मुरली सर्किल के रतिजा परिसर स्थित खल्लारीपारा रोपण क्षेत्र से पौधों की सुरक्षा के लिए लगाई गई चैनलिंक फेंसिंग की जाली चोरी होने का मामला सामने आया है। वन विभाग की शिकायत पर पाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुरली सर्किल के रतिजा परिसर के कक्ष क्रमांक ओ.ए. 597 में करीब 11 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण किया गया है। पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए करीब 100 फेंसिंग पोल में लगी चैनलिंक जाली को अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया।

वन विभाग में सर्किल फॉरेस्ट ऑफिसर के पद पर पदस्थ नमीत तिवारी, निवासी नेहरू नगर बिलासपुर, ने थाना पाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक चोरी की घटना 24 जुलाई की रात हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर जाली की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसके बाद 31 जुलाई को वन विभाग की ओर से पाली थाने में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस अब चोरी की गई जाली के संबंध में आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है। वहीं वन विभाग ने रोपण क्षेत्र में पौधों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निगरानी बढ़ा दी है।