कोरबा।शासकीय ई.व्ही.पीजी कॉलेज,कोरबा में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास को सफलता का मूल मंत्र बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि विद्यार्थियों को कॉलेज में पढ़ाई के साथ जिले में उपलब्ध पुस्तकालयों का भी अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और पुस्तकों के माध्यम से ज्ञान अर्जित करने की आदत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करती है।
खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर
कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल मैदानों का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पीजी कॉलेज परिसर में टर्फ मैदान विकसित करने की योजना है। इसके अलावा प्रियदर्शिनी इंदिरा स्टेडियम में आधुनिक एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किया जा रहा है। बॉक्सिंग, तीरंदाजी सहित अन्य खेलों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में खेलों के क्षेत्र में कई नई योजनाएं और प्रस्ताव लागू किए जाएंगे। इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अवसर और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाकर आगे बढ़ने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
