सीतामणी के राम मंदिर परिसर में चोरी का प्रयास, स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
कोरबा।शहर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल टावरों को निशाना बनाए जाने के बीच सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में लगे मोबाइल टावर से कथित तौर पर बैटरी बैंक और केबल काटने का प्रयास कर रहे दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने दोनों की पिटाई भी की, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक दिनदहाड़े मोबाइल टावर के पास केबल काट रहे थे। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
इसी दौरान केबल कटने से मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने की बात सामने आई, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टावर से चोरी के प्रयास के पीछे उनका कोई गिरोह काम कर रहा है या नहीं।
मोबाइल टावर चोरी से जुड़े होने की जांच
टावर से जुड़े कर्मचारियों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं और इनके पीछे संगठित गिरोह होने की आशंका है। हालांकि, इन दावों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पकड़े गए दोनों युवक नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम, प्रतिबंधित सिरप और नशीले इंजेक्शन मिलने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ के साथ यह भी पता लगा रही है कि उनका जिले में हुई मोबाइल टावर चोरी की अन्य घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
