छह मेडिकल दुकानों से दवाओं के नमूने लिए, प्रयोगशाला में होगी जांच

औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अनियमितता मिलने पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित

कोरबा।बिना प्रिस्क्रिप्शन प्रतिबंधित एवं विशेष श्रेणी की दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण के लिए औषधि विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले के मेडिकल स्टोर्स में औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में कोरबा सिटी, करतला एवं कटघोरा क्षेत्र के मेडिकल स्टोर्स से एंटीबायोटिक दवाओं के छह नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पांच मेडिकल स्टोर्स का भी किया गया निरीक्षण
30 जुलाई को पुराना बस स्टैंड क्षेत्र स्थित जायसवाल मेडिकल स्टोर्स, वर्षा मेडिको, बोहरा मेडिकल स्टोर्स, धनवंतरी जेनरिक मेडिकल एवं दीपक मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मनःप्रभावी औषधियों एवं एंटीबायोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों का उपलब्ध स्टॉक से मिलान किया गया।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल संचालकों को शासन द्वारा सूचीबद्ध उच्च श्रेणी की एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री के लिए आवश्यक रजिस्टर संधारित करने तथा उसमें मरीज और चिकित्सक से संबंधित जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

चार दुकानों को कारण बताओ नोटिस
पूर्व में किए गए निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर आद्या मेडिकल, पोड़ीबहार, गायत्री मेडिकल एजेंसी, बालको, रेडक्रॉस मेडिकल स्टोर्स, पुराना बस स्टैंड और लाइफ केयर मेडिकल स्टोर्स, गेवरा बस्ती को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

वहीं, पूर्व में जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब के आधार पर औषधि नियमों के उल्लंघन के मामले में श्रेया मेडिकल स्टोर्स, कनकी, सागर मेडिकल स्टोर्स, कोहड़िया और श्रीराम मेडिकल स्टोर्स, फतेहगंज के औषधि लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। निलंबन अवधि में इन प्रतिष्ठानों से दवाओं का क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकेगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अन्य मेडिकल स्टोर्स से प्राप्त जवाबों के आधार पर भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि विभाग के सहायक औषधि नियंत्रक महेन्द्र कुमार देवांगन, औषधि निरीक्षक सुनील सांडे तथा सिटी कोतवाली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।