कोरबा।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने कोरबा सहित पूरे प्रदेश में स्थापित भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं की भौतिक एवं तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कटघोरा में कांस्य प्रतिमा के स्थान पर सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के मामले में केवल एक सब-इंजीनियर को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पवन कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां अटल जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, वहां उनका भौतिक सत्यापन और तकनीकी परीक्षण कराया जाना चाहिए, ताकि निर्माण एवं स्थापना में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसका पता लगाया जा सके।
सिर्फ निलंबन से नहीं चलेगा काम
सीपीआई जिला सचिव ने कहा कि कटघोरा में कांस्य प्रतिमा के स्थान पर सीमेंट की प्रतिमा लगाकर उसे रंगे जाने का मामला गंभीर है। इस मामले में सब-इंजीनियर के निलंबन को उन्होंने महज खानापूर्ति बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिमा निर्माण और स्थापना से जुड़े पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार सभी लोगों की भूमिका तय की जानी चाहिए।
मानस नगर में जलभराव की समस्या भी उठाई
वर्मा ने वार्ड क्रमांक 19 मानस नगर की जलभराव की समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि पिछले करीब तीन वर्षों से बारिश के दौरान दर्जनों घरों में पानी भर रहा है। मुख्य मार्ग पर पुलिया निर्माण के बाद स्थिति और खराब होने का आरोप स्थानीय लोगों द्वारा लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पानी टंकी के पास स्थित इस बस्ती में लोग करीब 20 वर्षों से निवासरत हैं, लेकिन लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। बारिश के दौरान घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सीपीआई ने प्रशासन एवं नगर निगम से मानस नगर की जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराकर स्थायी समाधान करने तथा अटल प्रतिमा मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
