कोरबा।जिले के दीपका थाना क्षेत्र स्थित प्रगति नगर यूनियन बैंक में करीब दो माह पहले हुई सेंधमारी की कोशिश का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो कथित आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की योजना बैंक के लॉकर तोड़कर बड़ी चोरी करने की थी, लेकिन मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के चलते वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके और खाली हाथ फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार घटना 4 जून की रात करीब 2 बजे की है। दीपका के प्रगति नगर स्थित यूनियन बैंक शाखा में दो बदमाश काले रंग की कार से पहुंचे थे। पहचान छिपाने के लिए दोनों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था और हाथों में दस्ताने लगाए थे। बैंक में प्रवेश करने के बाद आरोपियों ने लॉकर तोड़ने और नकदी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन लॉकर नहीं खुल सका। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। करीब दो महीने तक लगातार जांच और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोरबा पुलिस की टीम हरियाणा के रोहतक पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
रोहतक से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने रोहतक से जितेंद्र बड़क (38 वर्ष) और प्रवीण कुमार (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के साथियों द्वारा विरोध किए जाने की बात भी सामने आई, लेकिन पुलिस टीम ने दोनों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उन्हें हरियाणा न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया और कोरबा लाया गया।
दीपका क्षेत्र की भौगोलिक जानकारी थी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी कुछ वर्ष पहले दीपका क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम कर चुके हैं। इसके कारण उन्हें क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और आवागमन के रास्तों की जानकारी होने की आशंका है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ ही उनके अन्य संभावित साथियों और देश के दूसरे हिस्सों में हुई बैंक सेंधमारी की घटनाओं से उनके संबंधों की भी जांच कर रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस संभावित फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र के बैंकिंग संस्थानों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैंक प्रबंधन को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई से बैंक में बड़ी चोरी की कोशिश नाकाम होने के साथ ही लंबे समय से लंबित सेंधमारी मामले के खुलासे की उम्मीद बढ़ी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
